हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

गौ,सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर में अब एक बड़ी मांग जोर पकड़ती जा रही है गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग। आज 27 अप्रैल को देश की करीब 5000 तहसीलों से गौसेवकों ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और राज्यों के मुख्यमंत्री व राज्यपाल को ज्ञापन भेजे। पांवटा साहिब में भी इस अभियान का असर साफ देखने को मिला जहां दर्जनों गौसेवकों ने एसडीएम के माध्यम से करीब 5000 हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपा। गौसेवक सचिन ओबरॉय ने बताया कि इस अभियान को देशभर के संतों, कथावाचकों और सामाजिक संगठनों का बड़ा समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अगले चरण में तीन महीने बाद जिला और फिर राज्य स्तर पर दोबारा ज्ञापन भेजे जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर सरकार ने कोई ठोस फैसला नहीं लिया, तो अंतिम चरण में संतों के नेतृत्व में करीब 5 करोड़ सनातनी दिल्ली में एकत्रित होकर आमरण अनशन करेंगे। इस दौरान गौ सेवक सचिन ओबरॉय, मंजीत चौधरी, आत्माराम, विवेक तोमर, भरत राणा, दिनेश शर्मा, राकेश शर्मा, अनिल ठाकुर, भरत ठाकुर, जगमोहन सूर्या, अतर सिंगटा और अपर्णा शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।