हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के गोरखुवाला क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है, जिसने हर संवेदनशील व्यक्ति को भावुक कर दिया है। मासूम पायल इस समय अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। उसकी सांसें मशीनों के सहारे चल रही हैं और परिवार हर पल उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। डॉक्टरों के अनुसार पायल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसे करीब छह महीने तक ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखना पड़ सकता है। इस दौरान उसके इलाज पर प्रतिदिन लगभग 15 हजार रुपये का खर्च आ रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए बेहद भारी साबित हो रहा है। पायल के पिता गोपाल अपनी बेटी की जिंदगी बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ते इलाज के खर्च ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। नम आंखों से उन्होंने समाज से भावुक अपील करते हुए कहा, कि मेरी बेटी को बचा लो… मैं अकेला यह लड़ाई नहीं लड़ सकता।मासूम पायल की मदद के लिए सामाजिक संस्था “जिंदगी रिटर्न्स” आगे आई है। संस्था ने #SavePayal नाम से एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की जा रही है।
संस्था के अध्यक्ष संजिव शर्मा, उपाध्यक्ष प्रदीप चौहान और समाजसेवी जसविंदर सिंह (कामा भाई) ने संयुक्त रूप से कहा कि एक बच्ची की जिंदगी बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग मिलकर सहयोग करें तो पायल को नया जीवन दिया जा सकता है। कुछ लोग अब घर-घर जाकर लोगों से सहायता मांग रहे है ताकि पायल का इलाज बिना रुके जारी रह सके और इस मासूम की जिंदगी बचाई जा सके।
