हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद चुनावों के लिए पातलियों वार्ड से युवा, ऊर्जावान एवं जमीनी नेता चरणजीत सिंह चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और कार्यकर्ताओं में खासा जोश है। चरणजीत सिंह चौधरी वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। इससे पहले वे भाजपा युवा मोर्चा पांवटा साहिब के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में अहम भूमिका निभाई।क्षेत्र में वे एक झुझारू, कर्मठ और परिणाम देने वाले नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़, निरंतर जनसंपर्क और समस्याओं के त्वरित समाधान की कार्यशैली ने उन्हें एक भरोसेमंद जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया है। खासकर युवाओं में उनकी लोकप्रियता उन्हें इस चुनाव में मजबूत दावेदार बनाती है। इसके अलावा, उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी के करीबी सहयोगी के रूप में भी जाना जाता है, जिससे संगठन में उनकी मजबूत पकड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है।

चरणजीत सिंह चौधरी की पकड़ युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, बुजुर्गों और सरकारी कर्मचारियों के बीच भी मजबूत मानी जा रही है, जो इस चुनाव में उनके लिए लाभकारी साबित हो सकती है। हालांकि यह उनका पहला चुनाव है, लेकिन उन्हें छोटे-बड़े चुनावों के संचालन और रणनीति का अच्छा अनुभव बताया जाता है। उनके प्रत्याशी घोषित होने पर क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और व्यापक जनसमर्थन के चलते उनकी जीत की संभावनाएं भी मजबूत मानी जा रही हैं। इस दौरान आयोजित बैठक में विधायक सुखराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान माजरा बृजेश गोयल, पवन चौधरी, राकेश पंवार, कलाम सिंह, लक्ष्मी चंद, अमित गुप्ता, कमली अली, सज्जन सिंह, धर्म राज, श्रवण खट्टा, यामिन अली, कमल कांत तथा पूर्व बीडीसी सदस्य एवं प्रधान दिनेश चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि चरणजीत सिंह चौधरी के अनुभव, ऊर्जा और जनसेवा के प्रति समर्पण से पातलियों वार्ड में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता को मजबूत व प्रभावी प्रतिनिधित्व प्राप्त होगा।