हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में आरटीआई फेडरेशन की मासिक बैठक चतर सिंह की अध्यक्षता में विधिवत रूप से संपन्न हुई। बैठक में शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर चर्चा की गई और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।बैठक में सदस्यों ने बताया कि पांवटा शहर के भीतर बातापुल से यमुना पुल, बद्रीपुर चौक से तारुवाला और जामानीवाला रोड, बांगरन बायपास चौक से शुभखेडा तथा विश्वकर्मा चौक से देवी नगर डेंटल कॉलेज तक ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस संबंध में जल्द ही पुलिस प्रशासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा, मेन बाजार पांवटा साहिब में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई, जिससे आम लोगों को जाम और असुविधा से राहत मिल सके। बैठक में यह भी मुद्दा सामने आया कि एनएच-7 पर बातापुल से यमुना पुल तक बनाए गए डिवाइडरों में न तो फेंसिंग की गई है और न ही फूल-पौधों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, ड्रेनेज सिस्टम भी पूरी तरह से कवर नहीं है। इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। वहीं, बद्रीपुर चौक में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा न होने के कारण लोगों को हो रही परेशानी पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेजा जाएगा। इस अवसर पर चतर सिंह (अध्यक्ष) विजय कुमार (महासचिव), अरविंद गोयल ,टीसी गुप्ता, एनडी सरीन, हरि शरण शर्मा, शांति स्वरूप गुप्ता, सरिता गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।