हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब 

पांवटा साहिब में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 4 से 6 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मां यमुना की आराधना एवं हिमाचली संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक है। इस वर्ष उपमंडल अधिकारी (एस.डी.एम.) गुंजीत सिंह चीमा की प्रेरणादायक पहल पर विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उन्हें हमारी सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का सुनहरा अवसर मिला है। इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत निम्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया —प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (Quiz Competition) वाद-विवाद प्रतियोगिता (Debate Competition) पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता (Poster Making Competition) नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुति (Innovation Model Presentation) प्रश्नोत्तरी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न की गईं।

पहले चरण में उपमंडल पांवटा साहिब के 51 विद्यालयों को पाँच क्लस्टरों माजरा, पांवटा, शिवपुर, भगानी एवं निजी विद्यालय क्लस्टर में विभाजित किया गया। प्रत्येक क्लस्टर स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय मंच पर प्रस्तुति के लिए चयनित किया गया। क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा में किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था मोबाइल आज के दौर का सबसे घातक हथियार है। इस प्रतियोगिता में हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा की कक्षा आठवीं की हिमानी ने पक्ष में और कक्षा दसवीं की सानिया ने विपक्ष में अपने प्रभावशाली तर्कों से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विद्यालय के कक्षा नौवीं के विद्यार्थी जिया और अनिकेत ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव 5 अक्टूबर 2025, रामलीला मैदान,राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के मंच पर आयोजित प्रतियोगिताओं में फाइनल राउंड का आरंभ दोपहर 12:00 बजे प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से हुआ, जिसके बाद दोपहर 2:00 बजे वाद-विवाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था “आज का शिक्षा पाठ्यक्रम हमें केवल मात्र साक्षर बना रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा की छात्राओं हिमानी (पक्ष) और सानिया (विपक्ष) ने अपनी वाक्-कला, आत्मविश्वास और तर्कशक्ति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय रही और विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा टीम भावना का परिणाम रही। विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन अध्यापिका श्रीमती नीतू सिंह एवं श्रीमती अलका देवी के कुशल निरीक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ। विद्यालय की निर्देशिका पूनम गोयल एवं निदेशक (Director Academics) अजय शर्मा ने छात्राओं हिमानी और सानिया सहित विद्यालय के सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और संपूर्ण हिल व्यू परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशु शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी निरंतर अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।