हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरमौर द्वारा मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम घुँगलों, पंचायत सैनवाला में एक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नव कमल की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को कानून से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। शिविर के दौरान नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को भी जन्म देता है। इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। कार्यक्रम में मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के निदेशक डॉ. अनुराग गुप्ता एवं अध्यक्ष पुष्पा खंडूजा सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संजीव कुमार, प्रशासन, पुलिस विभाग और स्थानीय प्रतिनिधियों का भी सराहनीय सहयोग रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर जानकारी प्राप्त की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को समाज में जागरूकता बढ़ाने और नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
GIPHY App Key not set. Please check settings