हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें जिंदगी रिटर्न्स संस्था के प्रतिनिधियों ने समाज सेवा से जुड़ी बड़ी पहल की जानकारी साझा की। इस मौके पर मजदूर नेता एवं संस्था से जुड़े प्रदीप चौहान, संस्था के अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि संस्था एक जरूरतमंद बेटी मनजीत कौर की शादी का पूरा जिम्मा उठा रही है, जो 10 मई को संपन्न होगी। संस्था के सदस्यों ने बताया कि मनजीत कौर की माता का जन्म के कुछ दिनों बाद ही स्वर्गवास हो गया था। इसके बाद उनकी मौसी ने उनका पालन-पोषण और पढ़ाई-लिखाई करवाई, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह शादी कराने में असमर्थ थीं।
इसी बीच जिंदगी रिटर्न्स संस्था ने आगे आकर बेटी की शादी का बीड़ा उठाया। संस्था से जुड़े ताखीर भाई ने बताया कि वह पहले भी कई जरूरतमंद बेटियों की शादियां करवा चुके हैं और यह कार्य समाज सेवा की भावना से निरंतर जारी है। संजीव शर्मा ने कहा कि यह सब समाज के सहयोग और प्यार से ही संभव हो पा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे इस नेक कार्य में अपना सहयोग दें और 10 मई को आयोजित होने वाले विवाह समारोह में शामिल होकर बेटी को आशीर्वाद दें। प्रेस वार्ता के अंत में संस्था ने सभी गणमान्य लोगों, पत्रकारों और क्षेत्रवासियों को शादी समारोह में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।
