हिमवंती मीडिया/नाहन

ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हाल ही में जारी 71 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची में मुस्लिम समुदाय के किसी भी प्रतिनिधि को स्थान न दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने इसे अल्पसंख्यक समुदाय की अनदेखी करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नाहन में जारी एक प्रेस बयान में सोसाइटी के मुख्य सलाहकार नसीम दीदान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शकील अहमद तथा जिला सिरमौर मुस्लिम कमेटी के प्रधान कैप्टन सलीम अहमद ने संयुक्त रूप से कहा कि सूची में एक भी मुस्लिम सदस्य को शामिल न किया जाना अत्यंत चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की कार्यशैली अल्पसंख्यक समुदाय के हितों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है। नसीम दीदान ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश सरकार राज्य हज कमेटी, राज्य वक्फ बोर्ड और राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री नया 15 सूत्री कार्यक्रम का गठन नहीं कर पाई है, जो मुस्लिम समुदाय के साथ अन्याय के समान है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस नेतृत्व मुस्लिम समाज को संगठनात्मक ढांचे से बाहर क्यों रख रहा है। सोसाइटी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि जिला सिरमौर के नाहन और पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय की अच्छी-खासी आबादी है, जो चुनावी परिणामों को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।