हिमवंती मीडिया/शिमला
तिरुपति ग्रुप के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि उन्हें टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत ‘निक्षय मित्र’ के रूप में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा दूसरी बार सम्मानित किया गया है। यह सम्मान स्वास्थ्य मंत्री, (डॉ धनी राम शांडिल) द्वारा प्रदान किया गया, जो संस्था के निरंतर प्रयासों और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
तिरुपति ग्रुप वर्ष 2022 से टीबी (क्षय रोग) से प्रभावित मरीजों के पोषण समर्थन हेतु प्रोटीन पाउडर वितरित कर रहा है। इस पहल के अंतर्गत अब तक 750 से अधिक मरीजों को लाभान्वित किया जा चुका है। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर संचालित किया जा रहा है और मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। संस्था के इस योगदान को सरकार द्वारा मिली यह मान्यता न केवल संगठन के लिए, बल्कि पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। तिरुपति ग्रुप ने इस अवसर पर अपनी पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।
