हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब(माजरा)

माजरा स्थित हिल व्यू पब्लिक स्कूल के पैराडाइज ईको क्लब द्वारा विद्यालय परिसर में औषधीय एवं जड़ी-बूटी वाले पौधों का विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या आशू शर्मा, ईको क्लब प्रभारी शिवानी एवं उप प्रभारी इमराना विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं विद्यालय की डायरेक्टर पूनम गोयल और अकादमिक डायरेक्टर  अजय शर्मा ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

डायरेक्टर पूनम गोयल ने कहा कि औषधीय पौधे पर्यावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं। वहीं अकादमिक डायरेक्टर अजय शर्मा ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। स्कूल की प्रधानाचार्या आशू शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।