हिमवंती मीडिया/सिरमौर

हिमाचल प्रदेश के सरकारी एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत रिक्त सीटों को भरने के लिए तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने संस्थान स्तर पर स्पॉट राउंड आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह प्रक्रिया 8 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगी, जिसके माध्यम से NCVT एवं SCVT ट्रेडों की खाली सीटों पर योग्य अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नए तथा अन्य राज्यों के अभ्यर्थी 8 से 10 अगस्त तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण कर शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके बाद पंजीकृत अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ 11 अगस्त सुबह 11 बजे तक संबंधित आईटीआई संस्थान में जमा करना होगा।

संस्थान स्तर पर मेरिट सूची 11 अगस्त को तैयार की जाएगी। इसके बाद 12 से 14 अगस्त 2026 तक रिक्त सीटों पर काउंसलिंग आयोजित होगी। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र, उनकी प्रतियां तथा फोटो पहचान पत्र के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान सीट आवंटित होगी, उन्हें उसी समय निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। शुल्क जमा न करने की स्थिति में संबंधित सीट रद्द कर अगले पात्र अभ्यर्थी को आवंटित कर दी जाएगी। विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय पर पंजीकरण, आवेदन एवं दस्तावेज जमा करने की अपील की है, ताकि रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।