हिमवंती मीडिया/श्री रेणुका जी
श्रावण संक्रांति (हरियाली संक्रांति) के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री रेणुका जी तीर्थ में श्री रेणुका जी विकास बोर्ड की ओर से विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस यज्ञ में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम वर्षा तथा जनकल्याण की कामना की गई। इस पावन अनुष्ठान में ददाहू के तहसीलदार ठाकुर जय सिंह ने बतौर मुख्य याज्ञिक भाग लिया। उनके साथ श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल और राकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। हवन-यज्ञ का संचालन मंदिर के मुख्य पुजारी श्री रमेश कपिल तथा पंडित रवि दत्त ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया। इस अवसर पर श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के कर्मचारी माता राम, वीरेंद्र सिंह, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह, रोशन लाल सहित अन्य कर्मचारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्म लाभ प्राप्त किया। श्रावण संक्रांति के इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान से प्रदेश और देश की खुशहाली, अच्छी वर्षा, समृद्धि तथा सभी के सुख-शांति की प्रार्थना की। श्री रेणुका जी विकास बोर्ड की ओर से इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
