हिमवंती मीडिया/नाहन 

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला में 14 वर्ष से कम आयु के जिला स्तरीय छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन नाहन निर्वाचन क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला उपनिदेशक स्कूली शिक्षा डॉ. हेमेंद्र वाली और जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर उपस्थित रहे।

जिला सिरमौर के विभिन्न खंडों और विद्यालयों के लगभग 650 छात्रों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। अजय सोलंकी ने छात्रों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आग्रह किया और कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य हैं और उनके ऊपर देश का भविष्य निर्भर करेगा। प्रधानाचार्य प्रीति तनवर ने विधायक को विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया, जिसका समाधान करने का आश्वासन विधायक ने दिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।