हिमवंती मीडिया/नाहन

ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हाल ही में जारी 71 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची में मुस्लिम समुदाय को प्रतिनिधित्व न दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। सोसाइटी ने इसे अल्पसंख्यक समुदाय की अनदेखी बताते हुए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नाहन में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में सोसाइटी के मुख्य सलाहकार नसीम दीवान एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शकील अहमद शेख ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंत्री विनय कुमार की कार्यशैली अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के हितों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है।

नसीम दीवान ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समाज के हितों की लगातार अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में राज्य हज कमेटी, वक्फ बोर्ड तथा प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम समिति का गठन अब तक नहीं किया गया है, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। सोसाइटी ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस नेतृत्व मुस्लिम समाज को संगठनात्मक ढांचे से बाहर क्यों रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि यह अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के साथ अन्याय है।
सोसाइटी ने मांग की है कि मुस्लिम समुदाय के साथ हो रहे कथित भेदभाव को तुरंत बंद किया जाए तथा उनकी उचित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि समाज को समय रहते उसका लाभ मिल सके।