हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री हर मुद्दे पर भाजपा को दोष देकर अपनी सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। आइए सुनते हैं पूरी खबर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भाजपा का “फोबिया” हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कोई भी मुद्दा सामने आता है तो उसका दोष भारतीय जनता पार्टी पर मढ़ने का प्रयास किया जाता है, जबकि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी संपत्ति को लेकर उठे सवालों का जवाब देने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन किसी रिपोर्ट या सार्वजनिक मंच पर प्रकाशित तथ्यों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराना पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी रिपोर्ट में तथ्यात्मक त्रुटि है तो मुख्यमंत्री संबंधित मंच पर अपना पक्ष रख सकते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की जनता पेखूबेला जलविद्युत परियोजना, धारा 118 से जुड़े मामलों, सोलन के चर्चित भूमि एवं हाउसिंग प्रोजेक्ट विवादों सहित अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर सरकार से पारदर्शी जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों ने प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग भी उठ रही है। बलदेव तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय प्रदेश की आर्थिक स्थिति, युवाओं के भविष्य, निवेश, रोजगार, विकास कार्यों और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवालों के जवाब तथ्यों और पारदर्शिता से दिए जाते हैं, राजनीतिक कटाक्षों से नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से जनता के हर सवाल का जवाब मांगती रहेगी। फिलहाल भाजपा के इन आरोपों पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस मामले में आगे आने वाले घटनाक्रम पर हमारी नज़र बनी रहेगी