हिमवंती मीडिया/नाहन

हिमाचल प्रदेश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत वर्तमान में 277 सरकारी पीजी सीटों को बढ़ाकर 597 करने की योजना है। सरकार के अनुसार पीजी सीटों में बढ़ोतरी से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रस्ताव के तहत अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों में इजाफा किया जाना है। आईजीएमसी शिमला में पीजी सीटों को 139 से बढ़ाकर 230 करने, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में सीटों को 99 से बढ़ाकर 156 करने सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव है।सरकार का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए पीजी सीटों का विस्तार जरूरी है। इसके साथ ही अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नाहन स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विकास और विस्तार के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। इस राशि से मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इनमें आधुनिक एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई, लैब तथा अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार शामिल है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने पर जोर सरकार ने प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए पीजी सीटों में बढ़ोतरी को महत्वपूर्ण कदम बताया है। अधिक सीटें उपलब्ध होने से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा अस्पतालों में बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने पर भी सरकार का फोकस है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी हिमाचल को और बेहतर स्थिति में लाना है। पीजी सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी और नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।