हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में भारी टिप्पर-ट्रॉलों की आवाजाही को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने कांग्रेस सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब से गिरिपार होते हुए कालाअंब, देहरादून और यमुनानगर तक चलने वाले बड़े टिप्पर-ट्रॉलों की मनमानी से आम जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सुखराम चौधरी ने आरोप लगाया कि कई टिप्पर-ट्रॉल दिन-रात सड़क के किनारे खड़े रहते हैं। इनमें से कई वाहन 50 से 50 फीट तक लंबे और ओवरलोड बताए जा रहे हैं। सड़क पर इनकी आवाजाही के कारण शहर के बीचों-बीच यातायात प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण पांवटा साहिब क्षेत्र में कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बिना नंबर प्लेट के कुछ टिप्पर-ट्रॉल किस तरह सड़कों पर चल रहे हैं और इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। सुखराम चौधरी ने कहा कि टिप्पर-ट्रॉलों के ओवरलोड होने के कारण कई बार रास्ते में ही खराबी आ जाती है, जिससे NH समेत प्रमुख मार्गों पर 8 से 10 घंटे तक लंबा जाम लग जाता है।

इससे एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि इन वाहनों को कौन-कौन सी परमिशन दी गई हैं, इनमें माल कहां से आ रहा है और कहां ले जाया जा रहा है तथा सरकार को इनसे कितना टैक्स प्राप्त हो रहा है। उन्होंने वाहनों की जांच और नियमों के पालन को लेकर भी प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। पूर्व मंत्री ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जनता को यह पता चलना चाहिए कि भारी वाहनों के संचालन के पीछे किसका संरक्षण या मिलीभगत है। उन्होंने मांग की कि टिप्पर-ट्रॉलों को NH के किनारे खड़ा न होने दिया जाए और बांदापुर-जम्बू खाला मार्ग पर इनकी आवाजाही को नियंत्रित किया जाए। सुखराम चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो भाजपा पांवटा साहिब में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।