हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने पांवटा साहिब बस अड्डे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस अड्डे की व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और पुराने भवन सहित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही करीब 297 नई इलेक्ट्रिक बसें संचालन के लिए उपलब्ध होंगी। इनमें से कई बसें पांवटा साहिब, कालाअंब, बद्दी-नालागढ़, ऊना, देहरा, नूरपुर और अन्य मैदानी क्षेत्रों में चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब बस अड्डे पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए लगभग 30 लाख रुपये की लागत से ट्रांसफार्मर और ई-चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए बेबी फीडिंग रूम, बसों की छोटी-मोटी मरम्मत के लिए मिनी स्टोरेज वर्कशॉप, नई दुकानों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा तथा अतिरिक्त सफाई कर्मी की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और काउंटर टिकट बुकिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी काम किया जाएगा। चूड़धार सहित अन्य धार्मिक यात्राओं को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. जिंदल ने कहा कि यदि जिला प्रशासन की ओर से मांग प्राप्त होती है तो HRTC श्रद्धालुओं के लिए विशेष बस सेवाएं उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास करेगा, ताकि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने HRTC के चालक-परिचालकों और अधिकारियों के साथ बैठक भी की, जिसमें कर्मचारियों की मांगों और विभिन्न परिचालन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों और कर्मचारियों दोनों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए निगम लगातार बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।