हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के ग्राम पंचायत पिपलीवाला में पंचायत चुनावों को लेकर माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। प्रधान पद हेतु युवा एवं शिक्षित उम्मीदवार प्रीति ने चुनावी मैदान में उतरकर विकास, पारदर्शिता और जनहित को अपनी प्राथमिकता बताया है। क्षेत्र में प्रीति को युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों का अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।
प्रीति ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य पंचायत में बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई को मजबूत करना है। इसके साथ ही शिक्षा, विद्यार्थियों की सहायता, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा किसानों के हित में कार्य करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास के लिए नई सोच और नई ऊर्जा के साथ काम किया जाएगा, ताकि पिपलीवाला को एक समृद्ध और विकसित पंचायत बनाया जा सके। प्रीति ने यह भी भरोसा दिलाया कि पंचायत में पारदर्शी और ईमानदार कार्यशैली को बढ़ावा दिया जाएगा तथा हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। चुनावी प्रचार के दौरान ग्रामीणों से मिल रहे समर्थन से प्रीति और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। समर्थकों का कहना है कि युवा नेतृत्व और शिक्षित सोच के साथ पंचायत में विकास की नई दिशा तय हो सकती है।
