हिमवंती मीडिया/नाहन
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कल्याण कार्यालय और आस्था वैलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित जागरूकता एवं प्रचार शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह शिविर भारत सरकार की राज्य कार्य योजना 2024-25 के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित किया गया था। प्रियंका वर्मा ने युवा पीढ़ी से वृद्धजनों को सम्मान देने और उनके साथ समय बिताकर उनके अनुभवों से सीखने का आह्वान किया। वृद्धजनों के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें हिमाचल प्रदेश माता-पिता और आश्रित भरण-पोषण अधिनियम, 2001 भी शामिल है।
युवाओं और वृद्धों के बीच अंतर-पीढ़ीगत संबंधों पर चर्चा की गई और योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। शिविर में एमआर एडल्ट होम के विशेष सक्षम व्यक्तियों, डीएड कॉलेज के विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिक कविता एवं ललित शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। रोटरी क्लब के अध्यक्ष मनीष जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रोफेसर अमर सिंह चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।शिविर में 100 से अधिक वृद्धजन, युवा विद्यार्थी, जिला कल्याण कार्यालय के कर्मचारी और आस्था के पदाधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
