हिमवंती मीडिया/नाहन
सिरमौर जिले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत आने वाले सभी 60,079 सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य हो गया है। जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने बताया कि ई-केवाईसी की यह प्रक्रिया कल्याण मोबाइल ऐप के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही है। इस प्रक्रिया में पेंशनरों के आधार कार्ड, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और पूर्ण स्थाई पते सहित नवीनतम जानकारी दस्तावेजों के आधार पर सत्यापित की जा रही है।
ई-केवाईसी के लिए आवश्यक मोबाइल नंबर पूर्ण स्थाई पता जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने बताया कि जिला में पेंशनरों का सत्यापन कार्य अधिकांश पूर्ण कर लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ पेंशनर ऐसे हैं जिन्होंने अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है। उन्होंने ई-केवाईसी से शेष रहे पेंशनरों से आग्रह किया है कि वे 30 सितंबर, 2025 से पूर्व अपने सभी दस्तावेजों की नवीनतम जानकारी सहित अपनी स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से सत्यापन करवा लें, ताकि पेंशनरों को पेंशन का लाभ समय से मिल सके। यदि पेंशनर 30 सितंबर तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाते हैं, तो उनकी पेंशन प्रभावित हो सकती है। इसलिए, सभी पेंशनरों से अनुरोध है कि वे समय पर अपना सत्यापन करवा लें।
