हिमवंती मीडिया/पावटा साहिब
जिला परिषद चुनाव के तहत वार्ड नंबर 9 पातलियो से पूर्व विधायक किरनेश जंग के सुपुत्र चौधरी अरिकेश जंग ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने गुरुद्वारा पांवटा साहिब में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की खुशहाली व विकास की कामना की। इस दौरान चौधरी अरिकेश जंग ने कहा कि वे लंबे समय से युवाओं के साथ जुड़े रहे हैं और वर्ष 2016 से नशे के खिलाफ अभियान चलाते आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने का कार्य किया है। नामांकन दायर करने के बाद उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र में खेल मैदानों की कमी एक बड़ी समस्या है, जिस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने चिंता जताई कि आज का युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहा है, जिसे सही दिशा देना बेहद जरूरी है। यदि वह चुनाव जीतने के बाद मैदान में आते हैं तो सबसे पहले प्राथमिकता की यह होगी कि युवाओं के लिए खेल मैदान की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें वरिष्ठजनों, शुभचिंतकों, साथियों और क्षेत्रवासियों से जो अपार स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिला है, वह उनके लिए प्रेरणा, ऊर्जा और जिम्मेदारी का स्रोत है। चौधरी अरिकेश जंग ने सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास, जनसेवा और हर वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए सदैव समर्पित रहेगा।
