हिमवंती मीडिया/शिमला
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) की 26वीं जनरल हाउस बैठक एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन शिमला में संपन्न हुआ। बैठक में प्रदेशभर से आए मेडिकल अधिकारियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने, चिकित्सकों के सेवा हितों तथा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. पीयूष तिवारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मेडिकल अधिकारियों के सीमित पदोन्नति अवसरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विभाग में प्रमोशनल पदों की संख्या बेहद कम होने के कारण कई मेडिकल अधिकारी वर्षों तक एक ही पद पर कार्य करने को विवश हैं, जिससे उनके मनोबल और कैरियर विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि नियमित पदोन्नति उपलब्ध नहीं है, तो पूर्व में लागू ACP (Assured Career Progression Scheme) की तर्ज पर निर्धारित समय अंतराल के आधार पर Time-bound Career Progression लागू की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी व्यवस्था लागू होने से मेडिकल अधिकारियों को उनकी सेवा अवधि के अनुरूप कैरियर प्रगति और वित्तीय लाभ मिल सकेंगे।
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से लंबे समय से लंबित इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध कैरियर प्रगति नीति लागू करने का आग्रह किया। संगठन का मानना है कि इससे चिकित्सकों का मनोबल बढ़ेगा, विशेषज्ञ सेवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होंगी। बैठक में वर्ष 2026–2029 के लिए नई राज्य कार्यकारिणी का भी चुनाव संपन्न हुआ। डॉ. अंकुश ठाकुर को अध्यक्ष, डॉ. विकास ठाकुर को महासचिव, डॉ. सुन्नेश चौहान को कोषाध्यक्ष, डॉ. विजय राय को प्रेस सचिव, डॉ. योग राज वर्मा को संगठन सचिव, डॉ. मनोज को आईटी सचिव तथा डॉ. मोहित डोगरा को विधिक सचिव चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रवीण एवं डॉ. करनजीत निर्वाचित हुए, जबकि उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर भी विभिन्न मेडिकल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रदेश के मेडिकल अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में चिकित्सकों के सेवा हितों, समयबद्ध पदोन्नति, कैरियर प्रोग्रेशन, कार्यस्थल सुरक्षा, सम्मान और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
