हिमवंती मीडिया/शिमला
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने चंडीगढ़ में आयोजित ‘देसी क्रेविंग्स हरियाणा महिला खाद्य उद्यमी विशेष’ कार्यक्रम का दौरा किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित थीं। यह आयोजन नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ वूमेन एंटरप्रेन्योर्स ऑफ इंडिया, हरियाणा चैप्टर की संस्थापक-अध्यक्ष रुचिता बंसल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा की चयनित 50 महिला खाद्य उद्यमियों की उद्यमशीलता यात्रा और उनके उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इस पहल ने महिला उद्यमियों को खरीदारों, मार्गदर्शकों और उद्योग जगत के प्रमुख लोगों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने उनके उद्यम, रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल महिला-नेतृत्व वाले व्यवसायों को प्रदर्शित करने तथा उन्हें बड़े बाजारों से जोड़ने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करती है। कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि महिलाएं विकास की केवल लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से आगे बढ़कर सतत एवं सफल उद्यम स्थापित करने, रोजगार सृजित करने और स्थानीय तथा राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने वाला एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर आशीष मित्तल, नीति आयोग से अन्ना रॉय, विजय शर्मा और शिल्पा सपरा और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
