अश्वनी खड्ड पंप हाउस के गेट पर गिरी विशाल शिला, बड़ा हादसा टला
शिमला, के समीप अश्वनी खड्ड स्थित जल शक्ति विभाग के पंप हाउस पर पहाड़ी से एक विशाल शिला गिरने से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि पंप हाउस के मुख्य गेट को नुकसान पहुंचा है।
पंप हाउस के कर्मचारियों के अनुसार देर रात पहाड़ी से एक बड़ी शिला तेज गति से नीचे आकर पंप हाउस के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेट क्षतिग्रस्त हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शिला की दिशा थोड़ी भी बदल जाती तो पंप हाउस में स्थापित महत्वपूर्ण मशीनरी को भारी नुकसान पहुंच सकता था, जिससे शिमला शहर की जलापूर्ति प्रभावित हो सकती थी।
उनका कहना है कि रात के समय पंप हाउस में कर्मचारियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि कोई कर्मचारी इस शिला की चपेट में आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। सौभाग्यवश यह विशाल शिला गेट के समीप ही रुक गई, जिससे किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
अश्वनी खड्ड जलापूर्ति योजना शिमला शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाली सबसे पुरानी और महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। घटना के बाद कर्मचारियों ने पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा संभावित खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण करने की मांग की है।
GIPHY App Key not set. Please check settings