हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के ग्राम पातलियों स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार, श्रावण मास की महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रावण मास के दौरान हरिद्वार, गोमुख, यमुनोत्री सहित विभिन्न पवित्र तीर्थस्थलों से कांवड़ में गंगाजल लेकर पहुंचे शिव भक्तों ने भगवान श्री पातालेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में केवल हिमाचल ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से भी शिव भक्त श्री पातालेश्वर महादेव के दरबार में पहुंचे। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। भक्तों के लिए भोजन-प्रसाद, जलपान और विश्राम की उचित व्यवस्था की गई। साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के हजारों-लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। भक्तों की मान्यता है कि सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस संबंध में मंदिर समिति के प्रचार मंत्री एवं जाने-माने एनाउंसर धर्मवीर सिंह राठौर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री पातालेश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए मंदिर समिति द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
