हिमवंती मीडिया/चंबा
उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया तथा विधायक सुदर्शन सिंह, मलेन्द्र राजन, सुरेश कुमार और विवेक शर्मा ने शिमला से जारी एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को शिमला में किया गया प्रदर्शन कांग्रेस के खिलाफ रोष प्रदर्शन का कम बल्कि उनकी अपनी गुटबाजी का प्रतीक बनकर उभरा है। प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया कि भाजपा पांच गुटों में बंटी है और उसके नेताओं ने नेतृत्व को लेकर जंग छिड़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायकों के विरूद्ध कानूनी संस्थाएं तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रंग दे रही है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए विधायक सुधीर शर्मा के विरूद्ध पुलिस द्वारा जो कार्रवाई की जा रही है, वह एक ऐसे मामले से संबधित है जो पूर्व भाजपा सरकार के समय उन पर उस समय दर्ज किया गया था जब वह कांग्रेस से जुड़े थे। भाजपा के समय दर्ज मामले पर पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान जो कार्रवाई की गई थी, उसी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश न करे क्योंकि इसमें वर्तमान प्रदेश सरकार का कोई हस्तक्षेप नही है तथा कानून इसमें अपना काम निष्पक्षता से कर रहा है।
