*नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, मंडी पुलिस के प्रयास सराहनीय : अपूर्व देवगन*
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए मंडी पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।
बैठक में ‘भांग उखाड़ो अभियान’ की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अवैध भांग एवं अफीम की खेती की समयबद्ध पहचान कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जुलाई माह के दौरान मंडी पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध दो महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई, 2026 को पुलिस थाना सदर मंडी में दर्ज एफआईआर संख्या 195/2026 के तहत नाके के दौरान तीन आरोपियों से 5.535 किलोग्राम चरस एवं 568 ग्राम अफीम बरामद की गई। वहीं 28 जुलाई, 2026 को पुलिस थाना सुंदरनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 180/2026 के तहत नाके के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से 143.180 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। उन्होंने कहा कि मंडी पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।