हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
देशभर में “बीटेक पानी पूरी वाली” के नाम से प्रसिद्ध युवा उद्यमी, फिटनेस मॉडल और ‘मिशन हेल्दी भारत’ की संस्थापक तापसी उपाध्याय का पांवटा साहिब स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया और उनके समाजसेवा के कार्यों की सराहना की। तापसी उपाध्याय अपने अनूठे प्रयासों और सामाजिक अभियानों के कारण देशभर में एक अलग पहचान बना चुकी हैं। वह ‘मिशन हेल्दी भारत’ के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, फिटनेस और मोटापा मुक्त भारत के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना उनके अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। वर्तमान में तापसी उपाध्याय वर्ष 2025 से अपनी बुलेट बाइक पर संपूर्ण भारत यात्रा कर रही हैं। इस यात्रा का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों में पहुंचकर लोगों को स्वस्थ जीवन, फिटनेस, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश देना है। अपनी इसी यात्रा के दौरान उन्होंने केआईआईटी एवं केआईएसएस संस्थानों में भी सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया और उन्हें स्वास्थ्य व शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। पांवटा साहिब आगमन पर आरती पराशर के माध्यम से श्री विश्वकर्मा मंदिर में उनके सम्मान में एक विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप उनका अभिनंदन किया तथा उनके साहस, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि तापसी उपाध्याय आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर महिलाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणा हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और सेवा का संकल्प हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान श्री विश्वकर्मा एवं प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि तापसी उपाध्याय की भारत यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण हो, उन्हें उत्तम स्वास्थ्य एवं ऊर्जा प्राप्त हो तथा वे इसी प्रकार समाज सेवा और जनजागरूकता के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ती रहें।
