हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

द आर्ट ऑफ लिविंग, पांवटा साहिब द्वारा 26 जुलाई से 29 जुलाई तक ज्ञान चंद गोयल धर्मार्थ भवन, तरुवाला में आयोजित चार दिवसीय गुरु पूर्णिमा एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम (AMP) का आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ एडवांस मेडिटेशन शिक्षक योगिन्दर सिंह (योगी भैया) ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने गहन ध्यान, मौन साधना, प्राणायाम और विभिन्न आध्यात्मिक सत्रों में भाग लेकर आंतरिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक आनंद का अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हैप्पीनेस प्रोग्राम के शिक्षक सनी सेवाल और सुमेश वर्मा सहित द आर्ट ऑफ लिविंग की पूरी टीम एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर आयोजित गुरु पूर्णिमा सत्संग में बड़ी संख्या में साधकों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन, ध्यान और गुरु वंदना से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए आध्यात्मिक साधना का संकल्प भी दोहराया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस चार दिवसीय कार्यक्रम ने उन्हें तनावमुक्त जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक मजबूती की नई दिशा दी। उन्होंने आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने और नियमित ध्यान, साधना एवं सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में शांति, स्वास्थ्य, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।