हिमवंती मीडिया/सोलन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भारतीय जनता पार्टी के चल रहे प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत शिमला एवं मंडी संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के लिए अर्की में आयोजित विशेष प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की प्रशासनिक, आर्थिक और रोजगार व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने युवाओं को पहले वर्ष में एक लाख सरकारी नौकरियां, पांच लाख रोजगार और स्थायी सरकारी नौकरियों की बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन सरकार बनने के ढाई वर्ष बाद भी इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। डॉ. बिंदल ने कहा कि रोजगार देने के बजाय कांग्रेस सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भर्ती नियमों को दरकिनार कर पिछले दरवाजे से मनमाने तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं कांग्रेस सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री सार्वजनिक मंच से यह स्वीकार कर चुके हैं कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में 700 से अधिक लोगों को नौकरियां दिलवाई हैं, जबकि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार भर्ती नियमों के तहत ऐसी कोई नियमित भर्ती नहीं हुई। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में योग्यता और पारदर्शिता की जगह सिफारिश, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार ने ले ली है। उन्होंने कहा कि आज हजारों शिक्षित युवा पुस्तकालयों में दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और ईमानदारी से सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। रोजगार सृजन के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई और न ही ऐसा कोई बड़ा कदम उठाया गया जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
