हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रोटरी क्लब पांवटा साहिब ने ‘विश्व चॉकलेट डे’ को सेवा के अंदाज में मनाया। क्लब द्वारा आयोजित विशेष बाल कल्याण प्रोजेक्ट के तहत आज शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर 400 से अधिक स्कूली और वंचित बच्चों में चॉकलेट वितरित कर उनके चेहरों पर खुशियां बिखेरी गईं। बता दे कि अभियान का पहला चरण सुबह सरस्वती विद्या मंदिर, किशनपुरा में आयोजित किया गया। यहां रोटरी क्लब के पदाधिकारियों की उपस्थिति में लगभग 250 छात्र-छात्राओं को सरप्राइज के तौर पर चॉकलेट दी गई। चॉकलेट पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और परिसर किलकारियों से गूंज उठा।

इस सत्र को सफल बनाने में रोटेरियन सुनीता शर्मा, रोटेरियन राकेश गर्ग, रोटेरियन गौरव खापरा और स्कूल प्रधान यशपाल धीमान ने विशेष सहयोग दिया। सेवा का दूसरा चरण शाम को राम मंदिर और विश्वकर्मा मंदिर के समीप स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में चलाया गया। यहां क्लब सदस्यों ने 150 से अधिक जरूरतमंद बच्चों को चॉकलेट वितरित की। क्लब का उद्देश्य था कि विशेष दिवस की खुशी समाज के हर बच्चे तक पहुंचे। इस पूरे प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक संचालित करने का श्रेय प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन अभय शर्मा और को-चेयरमैन प्रशांत आर्य को जाता है। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष रोटेरियन यशपाल धीमान, रोटेरियन शांति स्वरूप गुप्ता, रोटेरियन सुनीता शर्मा, रोटेरियन राकेश गर्ग और रोटेरियन गौरव खापरा सहित क्लब के अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ चॉकलेट डे की खुशियां साझा की।