हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश की ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज द्वारा ‘सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में सैनी समाज के उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब से भी सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न समाजसेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।सैनी समाज के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सैनी ने कहा कि सैनी समाज ने केवल भारत में ही नहीं, बल्कि आसपास के भूखंडों पर भी अपना गौरवशाली इतिहास दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील सैनी समाज से ही भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक, सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य, महाराज सूरजमल और भारत की प्रथम शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले जैसी महान विभूतियां हुई हैं, जिन्होंने समाज की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयां दीं। उन्होंने रूढ़िवादी प्रथाओं को तोड़कर आलोचनाओं के बावजूद समाज सुधार का मार्ग प्रशस्त किया। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के निदेशक गुरमीत सिंह सैनी ने कहा कि आजकल अभिभावक बच्चों के मोबाइल चलाने की शिकायत करते हैं। लेकिन जब तक अभिभावक खुद मोबाइल से दूरी नहीं बनाएंगे, तब तक बच्चों में भी सकारात्मक बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अधिक से अधिक समय देने की अपील की। समाज के गुरदीप सिंह गैरी ने बताया कि इस समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाओं को सम्मानित करना और समाज की एकजुटता को मजबूत करना था। 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ NEET, JEE और UGC-NET जैसी प्रतियোগी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल, कला, कृषि, प्रशासनिक सेवा और सामाजिक क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं व शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि सैनी समाज जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग भी संचालित कर रहा है। समाज नशा मुक्ति अभियान, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के प्रयास भी लगातार किए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि दिलबाग सिंह सैनी ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास और प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने, समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। विशेष अतिथि जसविंद्र सिंह सैनी और गुरदीप सिंह सैनी ‘गैरी’ ने युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता राजकुमार सैनी ने समाज में बढ़ती नशे की समस्या और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह के दौरान ‘परिवार बचाओ, समाज बचाओ’ अभियान के तहत सामाजिक मूल्यों पर भी चर्चा की गई।