हिमवंती मीडिया/बिलासपुर(शांति गौतम)

जिला परिषद वार्ड नम्होल की नव निर्वाचित पार्षद सुरभि ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक और सबसे लंबे प्रधानमंत्री कार्यकाल के उपलक्ष्य में सरस्वती विद्या मंदिर रोड़ा सेक्टर तथा सरस्वती विद्या मंदिर निहाल में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के साथ खुशी साझा की। इस अवसर पर उन्होंने दोनों विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच मालपुओं का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुरभि ठाकुर ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं और भारत की प्रतिष्ठा विश्व मंच पर लगातार बढ़ी है।

सुरभि ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण और विकास को केंद्र में रखकर किए गए कार्यों के कारण प्रधानमंत्री मोदी को देशवासियों का व्यापक समर्थन और विश्वास प्राप्त हुआ है। विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए सुरभि ठाकुर का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मिठाई का आनंद लिया और देश की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गौर रहे कि सुरभि ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा इन दोनों स्कूलों से ही हुई है। उधर भाजपा बिलासपुर जिला पूर्व कोषाध्यक्ष प्रेम गौतम, किसान मोर्चा नेता रोशन ठाकुर ने भी मोदी जी के 4399 दिन के कार्यकाल पर हर्ष प्रकट करते हुए एवं सुरभि द्वारा मिठाई बंटवाने पर बधाई दी है।