हिमवंती मीडिया/चंबा
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को एचपीवी टीके के महत्व के बारे में जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिला चम्बा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5,992 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं, जिनमें से 1,729 बालिकाओं का टीकाकरण अभियान पूर्ण किया जा चुका है जो निर्धारित लक्ष्य का 35% है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि 8 से 10 हजार रुपये मूल्य की यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने बताया कि पात्र बालिकाओं के टीकाकरण के लिए विभाग के यू-विन ऑनलाइन पोर्टल uwin.mohfw.gov.in पर प्री-रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने अतिरिक्त उपायुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि जिला भर में 1 जून से 30 जुलाई तक सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आरम्भ किया गया है। इस संबंध में आज अभियान के दूसरे चरण के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
