हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

किड्स पैराडाइस स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी देकर की गई। स्कूल की अध्यापिकाओं ने बच्चों को बताया कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण हमारे स्वस्थ जीवन के लिए कितना आवश्यक है। इसके बाद विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा पौधारोपण किया गया। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस दौरान बच्चों को बताया गया कि पेड़-पौधों को नियमित रूप से पानी देना चाहिए तथा उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। पेड़-पौधे हमें स्वच्छ हवा, फल, छाया और सुंदर वातावरण प्रदान करते हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा और देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया और स्कूल परिसर व आसपास बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को फल वितरित किए गए।