हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच महाराजा अग्रसेन की वंशजों की सराहनीय पहल देखने को मिली है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप के कारण आमजन और राहगीर काफी परेशान हैं। ऐसे हालात में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए महाराजा अग्रसेन सभा और स्थानीय समाजसेवियों ने मिलकर अनोखा प्रयास किया। आपको बता दे की पांवटा बाजार, बद्रीपुर, गोंदपुर, जमीनीवाला रोड, सूरजपुर, मालियों, धौलाकुआँ, सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 22 स्थानों पर मीठे और शीतल जल की छबील लगाई गई। इस सेवा के माध्यम से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। बद्रीपुर स्थित आदर्श कॉलोनी में नीरज शर्मा और अमित कंबोज ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए शीतल जल सेवा का आयोजन किया। वहीं अग्रवाल सभा के वंशजो द्वारा आयोजित शमशेरपुर में छबील मोहन अग्रवाल, कपिल तायल, अरविंद बंसल, राजेश सिंगला, विजय बंसल, अशोक मालिक और मुकेश गुप्ता सहित कई समाजसेवी सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
वही पांवटा साहिब वाई प्वाइंट स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर देवेंद्र अग्रवाल, शांति स्वरूप गुप्ता नितिन तोमर लतीफ मोहम्मद भी शीतल जल सेवा में सक्रिय नजर आए। जिसका निरीक्षण करने स्वयं महाराजा अग्रसेन सभा के अध्यक्ष अशोक गोयल भी इस पूरी टीम का उत्साह वर्धन करते दिखाई दिए। इसके अलावा गोंदपुर में HP पेट्रोल पंप के पास भी छबील लगाई गई, जहां राहगीरों को ठंडा पानी पिलाया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सेवाएं गर्मी के मौसम में लोगों के लिए बहुत राहतभरी साबित होती हैं।महाराजा अग्रसेन सभा, पांवटा साहिब के प्रतिनिधि अशोक गोयल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा की इस भीषण गर्मी में समाज के लोगों द्वारा एकजुट होकर 22 स्थानों पर एक साथ छबील लगाना एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अल्प समय की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होना और सेवा कार्य में तन-मन-धन से जुट जाना समाज की एकता और सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि यह पहल न केवल राहगीरों की प्यास बुझाने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दे रही है। भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में लोगों से इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई गई। इस नेक पहल ने पांवटा साहिब में सेवा, एकता और मानवता की मिसाल कायम की है।
