हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

भारतीय सेना की 156 फील्ड रेजिमेंट, देहरादून में सेवारत गनर मुकेश कुमार, सुपुत्र उजागर सिंह, निवासी गांव टोका नगला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर का आकस्मिक निधन हो गया है। गनर मुकेश कुमार 30 दिनों की छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। दिनांक 21 मई 2026 को खेत में कार्य करते समय ट्रैक्टर से गिर जाने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गनर मुकेश कुमार वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और तब से देश सेवा में समर्पित थे। वे एक कर्तव्यनिष्ठ एवं बहादुर सैनिक थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, गांव तथा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र को जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना मिली, संगठन के सदस्य तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचे। इस दौरान कैप्टन नारायण बिरसान्टा, कैप्टन मामराज चौहान, सचिव ओम प्रकाश चौहान तथा कोषाध्यक्ष इंदर सिंह ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान किया। संगठन ने इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही प्रशासन से शहीद के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया। शहीद गनर मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से पोस्टमार्टम हेतु डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर किया गया है। गनर मुकेश कुमार का अंतिम संस्कार कल, दिनांक 22 मई 2026 को उनके पैतृक गांव टोका नगला में पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा।