हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब के किड्स पैराडाइज स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए फ्रूट मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण रंग-बिरंगे फलों की थीम से सराबोर नजर आया। बच्चे विभिन्न प्रकार के फलों के साथ-साथ उन्हीं से मेल खाते रंग-बिरंगे परिधानों में विद्यालय पहुंचे, कार्यक्रम के दौरान बच्चों को फलों के महत्व, उनके पोषक तत्वों एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्कूल की अध्यापिकायो द्वारा बच्चों से फलों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका बच्चों ने उत्तर दिया।

इस मौके पर “पिक द फ्रूट” गेम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खूब आनंद उठाया। छात्र कार्तिक ने फलों से संबंधित एक विशेष विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए, वहीं बच्चों ने भी अपने-अपने पसंदीदा फलों के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अपनी कक्षा की अध्यापिकाओं के साथ मिलकर फ्रूट चार्ट बनाया। स्कूल की डायरेक्टर चारुल गोयल ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करना तथा शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन के माध्यम से सीखने की भावना को बढ़ावा देना है।