Himwanti media/Palampur

हिमाचल प्रदेश के पालमपुर उपमंडल के बिंद्रावन क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बिजली के खंभे पर मरम्मत कार्य कर रहे एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहन लाल उर्फ मोनू, निवासी रानीताल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहन लाल बिंद्रावन विद्युत उपमंडल में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे और मंगलवार को नियमित मरम्मत कार्य के तहत बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्य के दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से मोहन लाल गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका भी जताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मचारियों ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।