हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में पूर्व सैनिक संगठन आंजभोज ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक संवेदनशील मामले को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष श्याम लाल तोमर के नेतृत्व में उपमंडल दंडाधिकारी (SDM) के माध्यम से उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक महिला से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसमें कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें/गतिविधियां सामने आई हैं। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और इन पर तुरंत कार्रवाई आवश्यक है।

अध्यक्ष श्याम लाल तोमर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के निजी जीवन में हस्तक्षेप करना नहीं है, बल्कि ऐसी गतिविधियों को रोकना है जो समाज और युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित महिला को बुलाकर उचित काउंसलिंग की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
संगठन ने यह भी विश्वास जताया कि संबंधित महिला देशभक्त परिवार से जुड़ी हो सकती है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गतिविधियां अनुचित हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
पूर्व सैनिक संगठन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज में अनुशासन और मर्यादा बनी रहे।।इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।