हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
महाविद्यालय पांवटा साहिब में रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा एवं नशा उन्मूलन विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एएसआई वीरेंद्र ठाकुर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्लाटून हवलदार सोम दत्त ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य वक्ता एएसआई वीरेंद्र ठाकुर ने सड़क सुरक्षा नियमों, नशे के दुष्प्रभावों तथा साइबर क्राइम से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की महत्ता समझाई और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डी.एस. तोमर, प्रो. विमी रानी, डॉ. दीपक (रोड सेफ्टी क्लब कन्वीनर) डॉ. सुशील तोमर तथा दिनेश कुमार सहित महाविद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता उत्पन्न करना और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
GIPHY App Key not set. Please check settings