“एनएसएस नाहन सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ: युवा, समाज सेवा और डिजिटल साक्षरता पर जोर”
हिमवंती मीडिया/नाहन
डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनएसएस इकाइयों 1 और 2 द्वारा सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से युवाओं का बहुआयामी विकास संभव है और एनएसएस जैसे मंच विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य सलाहकार प्रो. विवेक नेगी ने स्वयंसेवकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग एवं समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया तथा पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। सलाहकार डॉ. सरिता बंसल ने एनएसएस के माध्यम से समाज सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
एनएसएस लीडर तनुजा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी ट्विंकल ने शिविर की प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। जिला नोडल अधिकारी डॉ. पंकज चांडक ने एनएसएस के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं आगामी गतिविधियों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीतांजलि ने मधुर मेडले प्रस्तुत किया, दिव्या भारती एवं समूह ने पंजाबी लोकनृत्य से समां बांधा, जबकि वंदना और टीम ने पारंपरिक नाटी नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में डॉ. देवराज, डॉ. भारती, प्रो. रीना चौहान, डॉ. अनूप, डॉ. रविकांत, प्रो. यशपाल, अधीक्षक श्री सुरेश सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। शिविर के दौरान गोद लिए गए गांव में दैनिक श्रमदान, स्वच्छता अभियान तथा विशेष अतिथि व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष शिविर की थीम “युवा: डिजिटल साक्षरता के लिए” एवं “युवा: माय भारत के लिए” रखी गई है, जिसके माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं डिजिटल जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा।
