हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
भारतीय जनता पार्टी, पांवटा साहिब के दोनों मण्डलों की संयुक्त मासिक बैठक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रेस्ट हाउस, पांवटा साहिब में सम्पन्न हुई। यह बैठक गिरिपार आँज भोज मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने को लेकर व्यापक एवं ठोस रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान पांवटा साहिब विधानसभा के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य करने की राजनीति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसका कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर पर किया गया कार्य है। इस अवसर पर एसआईआर (SIR) के बारे में सभी को जानकारी दी गई तथा संगठनात्मक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही विकसित भारत ग्राम (वीबीग्रामग / VBGRAMG) के विषय में बताया गया कि यह मनरेगा योजना का सुधारीकरण है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिकों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम से हाजिरी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। इसे गरीब, मजदूर और ग्रामीण समाज के सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया गया।
बैठक में केंद्रीय बजट 2026 पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बजट को गरीब, किसान, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया विकासोन्मुखी बजट बताया गया, जो देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे ले जाने वाला है। विधायक सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब युवा मोर्चा द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवा मोर्चा जिस प्रकार बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूती प्रदान कर रहा है, उसी तर्ज पर पार्टी के सभी मोर्चों को भी बूथ स्तर पर नियमित बैठकें कर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही कार्यशैली भारतीय जनता पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग और मजबूत बनाती है। बैठक में जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, जिला महामंत्री तपिंदर शर्मा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुभाष चौधरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश सचिव पवन चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अनिल सैनी, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा अविनाश सैनी, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष संयम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी मजबूती से सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
GIPHY App Key not set. Please check settings