हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब(रवीना)
पांवटा साहिब में आगामी 30 दिसंबर को दून पहाड़ी महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दून पहाड़ी संगठन द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दून क्षेत्र की पहाड़ी संस्कृति, परंपराओं और लोक कला को संजोकर रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। महासम्मेलन की शुरुआत सुबह 9 बजे वाई प्वाइंट पर जातर के एकत्रीकरण से होगी, जो मुख्य बाजार से होते हुए सुबह 11 बजे नगर पालिका परिषद मैदान में पहुंचेगी।
इस दौरान रासा नृत्य, मुजरा नाटी, ढोल-नगाड़ों की गूंज, पहाड़ी लोकगीतों पर नृत्य और पहाड़ी लघु नाटकों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष ख़ज़ान शर्मा ने बताया कि महासम्मेलन में भाग लेने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक महासम्मेलन को सफल बनाएं और अपनी समृद्ध पहाड़ी विरासत को सहेजने में योगदान दें।
