हिमवंती मीडिया/रेणुका जी(रवीना)
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ हुआ। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भगवान परशुराम की पालकी को कंधा देकर मेले की शुरुआत की। इस अवसर पर विधायक नाहन अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उद्योग मंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष ने भगवान परशुराम और माता रेणुका के जयकारों के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा देवपालकियों के साथ निकाली गई, जिसमें पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की ध्वनि और माता रेणुका तथा भगवान परशुराम के उद्घोषों से रेणुका घाटी गूंज उठी। उद्योग मंत्री ने श्री रेणुका जी में प्रदर्शनी स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और देव घाट पहुंचकर श्री रेणुका माता जी की आरती में भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला हिमाचल प्रदेश की समृद्ध और अलौकिक लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह मेला भगवान परशुराम और माता रेणुका के मिलन का प्रतीक है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
