हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर (पांवटा साहिब) में जिला स्तरीय अंडर-14 बालिका माइनर गेम्स टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 11 से 13 अक्तूबर तक चली, जिसमें सिरमौर ज़िले के विभिन्न स्कूलों की बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नसीमा बेगम, निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (गैर-सरकारी), सदस्य महिला कल्याण बोर्ड हिमाचल प्रदेश एवं पूर्व सचिव, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी रही। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुकेश भटारा, प्रबंध निदेशक, ऑर्गेलो हर्बल केयर, बेहरेवाला (पांवटा साहिब) उपस्थित रहें। मुख्य अतिथि नसीमा बेगम ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक फिटनेस बनी रहती है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास भी विकसित होता है।

उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और ऐसे आयोजन उन्हें नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे खेलों को पढ़ाई के समान महत्व दें और हर प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारें। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों और आयोजकों को इस तरह के आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और अभिभावकों से इस आयोजन में उपस्थिति दर्ज करवाने का आग्रह किया। आयोजन की व्यवस्था SMC, स्टाफ एवं विद्यार्थियों द्वारा की गई।
