हिमवंती मीडिया/नाहन
गोरक्षनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में 21 जुलाई तक दश दिवसीय संस्कृत सम्भाषण कार्यशाला का शुभारम्भ हुआ। इस कार्यशाला में प्राक्-शास्त्री प्रथम वर्ष तथा शास्त्री प्रथम वर्ष के कुल 118 छात्र भाग ले रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को संस्कृत सम्भाषण कौशल में दक्ष बनाना है, ताकि वे सरल संस्कृत में परस्पर वार्तालाप कर सकें। कार्यशाला के अंतर्गत निश्चित पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्यक्ष विधियों द्वारा बिना पाठ्यपुस्तक के संस्कृत में संवाद की कला सिखाई जाएगी। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस कार्यशाला में महाविद्यालय के ही विशेष रूप से प्रशिक्षित छात्र संसाधक की भूमिका निभा रहे हैं।
संसाधकों में नितिन पंवार, निशान्त, तेजस्विनी, वन्दना, तमन्ना, अनुष्का, ध्रुव, रविना आदि शामिल हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और भाषिक कौशल का विकास करती हैं। उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के समस्त आचार्यगण डॉ. सोमदत्त, डॉ. सुमिता, डॉ. विनीता पाल, महोम्मद अली, नीरजा, ताराचन्द,नरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यशाला के संयोजक डॉ. ज्ञानेश्वर शर्मा हैं।
GIPHY App Key not set. Please check settings