हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब(रवीना चौहान)
भारतीय सेना में 28 वर्षों तक राष्ट्र सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व निभाने के बाद कैप्टन नरेंद्र सिंह चौहान (9/13 पैरा स्पेशल फोर्स) सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हो गए हैं। सेना में अपने अनुशासन, साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पहचाने जाने वाले कैप्टन नरेंद्र चौहान ने 31 जुलाई 2026 को अपनी सैन्य सेवा पूरी की। कैप्टन नरेंद्र सिंह चौहान पुत्र, जानकी देवी एवं प्रताप सिंह चौहान के सुपुत्र हैं। अपने सैन्य जीवन के दौरान उन्होंने भारतीय सेना के सर्वोच्च आदर्श “सेवा परमो धर्म” और “Service Before Self” की भावना के साथ देश की सेवा की। उनके योगदान को परिवार, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों द्वारा गर्व और सम्मान के साथ याद किया जा रहा है।
उनकी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में उनके पैतृक निवास ग्राम एवं डाकघर डांडा आंज, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने उपस्थित होकर कैप्टन चौहान को उनके उज्ज्वल सैन्य करियर के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की। कैप्टन नरेंद्र सिंह चौहान की सेवानिवृत्ति न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। देश की सुरक्षा में लगभग तीन दशक तक दिए गए उनके योगदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।
