हिमवंती मीडिया/पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम द्वारा 28 जून को आयोजित किए जाने वाले राष्ट्र स्तरीय अलंकरण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। संस्था ने उन विशिष्ट अतिथियों के प्रति अग्रिम आभार व्यक्त किया है जिन्होंने इस गरिमामयी आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की सहमति प्रदान कर संस्था का उत्साहवर्धन किया है। इस कार्यक्रम के शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सुरेश कुमार मोंगा शिरकत करेंगे। डिप्टी एडवोकेट जनरल, सीनियर डिप्टी एडवोकेट जनरल तथा सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल में न्यायिक सदस्य एवं विभागाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के बाद उन्होंने स्वयं को सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने श्री हरि यमुना सेवा समिति की स्थापना कर यमुना नदी के निर्मलीकरण, पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
समारोह में वे अपने करकमलों से विभिन्न सम्मानित व्यक्तित्वों को अलंकृत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त साहित्यकार आशा शैली करेंगी। साहित्य जगत में उनके योगदान को देश-विदेश में विशेष पहचान प्राप्त है। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं हिमवन्ती मीडिया के मुख्य संपादक अरविन्द गोयल समारोह में उपस्थित होंगे और आयोजन की गरिमा को बढ़ाएंगे। हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम ने सभी अतिथियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और उपस्थिति से समारोह को नई ऊंचाइयां प्राप्त होगी।
